बॉलीवुड फिल्मों और कई टीवी शोज में नजर आ चुके दिग्गज अभिनेता रमाकांत दायमा अब इस दुनिया में नहीं रहे। रमाकांत दायमा का 26 मई को निधन हो गया। इस खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। दिग्गज अभिनेता के फैंस भी इस खबर से सदमे में हैं और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं करण मेहरा से लेकर शुभांगी लाटकर जैसे कलाकारों ने भी रमाकांत दायमा को श्रद्धांजलि दी है और उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
करण मेहरा ने दी श्रद्धांजलि
करण मेहरा ने दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- ‘आज हमने एक अद्भुत व्यक्तित्व को खो दिया। एक ऐसे इंसान जिनकी आवाज बुलंद थी और जिनकी मौजूदगी हर पल को खुशनुमा बना देती थी। वे सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता और प्रतिभाशाली गायक ही नहीं थे, बल्कि कई लोगों के लिए मार्गदर्शक, पिता तुल्य और सच्चे दोस्त थे। उनकी दयालुता, उनकी कला और उनका स्नेह हम सभी के दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा। उनका प्यार और उनका जुनून हमेशा हमारे दिलों में गूंजता रहेगा। हम एक सच्चे प्रकाशमान आत्मा को अलविदा कहते हैं। शांति से आराम करो, मेरे प्यारे नन्हे।’
शुभांगी लाटकर का पोस्ट
शुभांगी लाटकर ने इंस्टाग्राम पर दिवंगत अभिनेता के साथ एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह दोस्तों के साथ एक समारोह में खुशी से गाते, नाचते और मौज-मस्ती करते नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ शुभांगी ने लिखा, “आज हमने एक बेहद खूबसूरत आत्मा को खो दिया… और मैं टूट गई हूं। रमाकांत दायमा न केवल मेरे प्यारे दोस्त और फैमिली फ्रेंड थे, बल्कि ऐसे व्यक्ति थे जिनकी मैं दिल से प्रशंसा और सम्मान करती थी। जिंदगी, प्यार और ऊर्जा से भरपूर। वे हर चुनौती के बावजूद जीवन का आनंद लेना जानते थे। एक प्रतिभाशाली नर्तक, एक भावपूर्ण गायक, एक शानदार अभिनेता, और मेरे लिए एक बुद्धिमान सलाहकार, जिनके शब्दों में हमेशा अर्थ होता था।”

