Amroha News-अमरोहा, जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में आज गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट अमरोहा में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट स्थलों को चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने सभी विद्यालयों में विद्यालय यान सुरक्षा समिति एवं रोड सेफ्टी क्लब का गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल के छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन किया जा रहा है, वे सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप फिट हों तथा वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं का परिवहन न किया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए।
बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूली वाहनों के संबंध में गत बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन न कराने तथा बैठक से अनुपस्थित रहने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. मोनिका सिंह का स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूल बसों की फिटनेस तथा वाहन चालकों एवं परिचालकों के फिटनेस प्रमाण-पत्रों का नियमित सत्यापन कराया जाए। साथ ही, जिन विद्यार्थियों को उनके अभिभावक ई-रिक्शा अथवा निजी वाहनों से विद्यालय भेजते हैं, उनके संबंध में भी आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किए जाएं, जिससे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने सरकारी एवं निजी अस्पतालों में संचालित एम्बुलेंस वाहनों की फिटनेस की जांच एआरटीओ के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। साथ ही, एम्बुलेंस में आवश्यक मेडिकल उपकरण एवं दवाओं की उपलब्धता की जांच करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए।
सड़क किनारे खड़े होने वाले अवैध वाहनों के लिए आवश्यक होल्डिंग एरिया चिन्हित करने के संबंध में अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जोया स्थित आबादी क्षेत्र में फ्लाईओवर के ऊपर एवं नीचे अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।
जोया स्थित एनएच-9 पर यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत एक माह के अंदर बस बॉक्स का निर्माण कराने के निर्देश एनएचएआई के अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

