रोडवेज बस और पिकअप की भिड़ंत, 12 से अधिक लोग घायल, चार की हालत गंभीर
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में आज सोमवार सुबह रोडवेज बस और सवारियों से भरी पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
यह दुर्घटना दिसौलीगंज गांव के पास खजुरिया मोड़ पर हुई। पिकअप में सवार सभी लोग बेहटा जवी गांव के रामचंद्र भगत के पास जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही कोतवाल कमलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाने में मदद की।हादसे में मोरकली (प्रेमपाल की पत्नी), मोरकली (रामचंद्र की पत्नी), मीरा (हरिसिंह की पत्नी), लल्लू, रामपाल (हरनाम का पुत्र) और शिवानी (प्रेमपाल की पुत्री) सहित आसफपुर निवासी अन्य लोग घायल हुए हैं। रोडवेज बस मुरादाबाद डिपो की थी और उसमें बैठी सवारियां बदायूं आ रही थीं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारु कराया।

हादसे के बाद लगा जाम:-दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाल कमलेश मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाया और यातायात को सामान्य किया।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

