Amroha News-अमरोहा (20 अप्रैल 2026): जनपद अमरोहा को अपना नया जिलाधिकारी मिल गया है। 2016 बैच के तेजतर्रार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी श्री नितिन गौड़ ने सोमवार को विधिवत रूप से अमरोहा के नए जिलाधिकारी (DM) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद कलैक्ट्रेट सभागार में उन्होंने प्रेस संवाददाताओं से भेंट वार्ता की और जनपद के विकास को लेकर अपना विजन स्पष्ट किया।
कौन हैं नए DM नितिन गौड़?
नवागत जिलाधिकारी श्री नितिन गौड़ मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले हैं। प्रशासनिक सेवा में उनके पास एक लंबा और शानदार अनुभव है। अमरोहा आने से पहले वह कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिनमें शामिल हैं:
उपाध्यक्ष, हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण
नगर आयुक्त, गाजियाबाद
मुख्य विकास अधिकारी (CDO), मथुरा
DM नितिन गौड़ की प्रमुख प्राथमिकताएं
चार्ज लेने के बाद श्री गौड़ ने स्पष्ट किया कि उनकी कार्यप्रणाली पूरी तरह से जन-केंद्रित होगी। उन्होंने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया:
जनशिकायतों का निस्तारण: शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध (Time-bound) तरीके से निपटारा करना।
कानून व्यवस्था: जिले में सुदृढ़ और मजबूत कानून व्यवस्था कायम रखना।
विकास परियोजनाएं: गंगा एक्सप्रेसवे एवं इससे जुड़े सभी विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं को तेज गति प्रदान कर समय से पूरा कराना।
किसान हित: किसानों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी और कृषि-केंद्रित योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना।
स्वास्थ्य एवं शिक्षा: सरकारी अस्पतालों में OPD/IPD का बेहतर संचालन और दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना। स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता, ‘शिक्षा का अधिकार’ का कड़ाई से पालन और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना।
स्वच्छ अमरोहा: अमरोहा शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुंदर बनाना।
नवागत जिलाधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती गरिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री अशोक राव गौतम सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने नए DM का स्वागत किया।

