Amroha Education News :गजरौला (अमरोहा)/एजुकेशन डेस्क: सीबीएसई (CBSE) इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा के नतीजे घोषित होते ही गजरौला नगर क्षेत्र के स्कूलों में जश्न का माहौल है। इस वर्ष के परिणामों में गजरौला के स्कूलों और छात्र-छात्राओं का पूरे अमरोहा जिले में भारी दबदबा देखने को मिला है। जिले की टॉप-10 सूची में गजरौला के कई मेधावियों ने अपनी जगह पक्की कर क्षेत्र और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है।
परिणाम आने के बाद सभी स्कूलों में सम्मान समारोह आयोजित किए गए, जहां स्कूल प्रबंधन ने टॉपर्स को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आइए जानते हैं गजरौला के प्रमुख स्कूलों का शानदार प्रदर्शन कैसा रहा:
1. कारमेल पब्लिक स्कूल (Carmel Public School)
कारमेल पब्लिक स्कूल का प्रदर्शन इस साल बेहद शानदार रहा।
सलोनी चाहल ने 97.2% अंक प्राप्त कर न सिर्फ स्कूल टॉप किया, बल्कि पूरे अमरोहा जिले में चौथा स्थान हासिल किया है।
मानवी चौधरी ने 92.8% अंकों के साथ दूसरा और सुमित कुमार ने 91.6% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सफलता के इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधक विक्रम सिंह, प्रधानाचार्य सुधांशु शर्मा और उप-प्रधानाचार्य आरपी सिंह ने सभी टॉपर्स को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
2. नागपाल इंटरनेशनल स्कूल (Nagpal International School)
नागपाल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी मेधा का परचम लहराया है।
अर्चिता अग्रवाल ने 96.40% अंक पाकर स्कूल में प्रथम और जिले की टॉप-10 सूची में सातवां स्थान हासिल किया है।
प्रिया त्यागी (92.8%) के साथ दूसरे और मिनी कांत (92.60%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
बच्चों की इस सफलता पर स्कूल के संरक्षक व पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, चेयरपर्सन अंशु नागपाल और प्रधानाचार्या निशि सिंह ने उनका उत्साहवर्धन किया।
3. नोबल पब्लिक स्कूल (Noble Public School)
लवी त्यागी ने 96% अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल टॉप किया और जिले में नौवां स्थान हासिल कर टॉप-10 में अपनी जगह बनाई।
आयुष ने 93% के साथ दूसरा और सुहानी भाटी ने 90% अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया।
स्कूल के प्रबंधक राजीव उपाध्याय और प्रधानाचार्या नवनीत उपाध्याय ने मेधावियों को बधाई दी।
4. एसआरएस इंटरनेशनल स्कूल (SRS International School)
मनु घोषाल ने 95% अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।
अदिति श्रीवास्तव ने 93% अंकों के साथ दूसरा और तनु घोषाल ने 92.4% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रबंध निदेशक चौधरी वीरेंद्र सिंह, निदेशक पुनीत सिंह, प्रधानाचार्य धर्मेंद्र चतुर्वेदी और समन्वयक साक्षी सिंह ने मेधावी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनकी पीठ थपथपाई।
नीट (NEET) क्रैक कर डॉक्टर बनना चाहती हैं सलोनी जिले में चौथा स्थान हासिल करने वाली कारमेल स्कूल की सलोनी चाहल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा, “स्कूल और परिवार के सहयोग से मुझे यह बड़ी सफलता मिली है। अब मेरा अगला लक्ष्य नीट (NEET) की तैयारी कर मेडिकल क्षेत्र में जाना है।”

