समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Hasanpur News-हसनपुर (अमरोहा):- कोतवाली क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में रविवार सुबह एक खेत में पानी से भरे गड्ढे में 35 वर्षीय मजदूर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी व दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, गांव रुद्रपुर निवासी 35 वर्षीय जगत सिंह पुत्र पुन्ना मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह गांव से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक खेत में ग्रामीणों ने पानी से भरे गड्ढे में उनका शव देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। शव मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। कुछ ही समय में रुद्रपुर, झुंडी खादर और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। मृतक के परिजन भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को गड्ढे के किनारे मृतक के कपड़े, मोबाइल फोन, फावड़ा और खुरपा रखा हुआ मिला और कुछ ही दुरी पर मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली। घटनास्थल से मिले सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, हरियाली तीज के अवसर पर जगत सिंह की पत्नी बबीता अपनी मां के साथ मायके गई हुई थीं। शनिवार शाम से ही जगत सिंह घर से लापता थे। परिवार के लोगों ने उनकी तलाश भी की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार सुबह खेत में उनका शव मिलने की सूचना से परिवार पर मुश्किलों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार में सात वर्षीय बेटी कल्पना, पांच वर्षीय बेटा यशराज और चार वर्षीय बेटा दीक्षित हैं। जगत सिंह मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक स्थिति का संकट भी खड़ा हो गया है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी, हसनपुर कोतवाल राजेश कुमार तिवारी और सैद नगली थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
हसनपुर कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जबकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच करने में जुटी हुई है।

