स्नान करते समय गंगा में डूबी किशोरी का मिला शव,
बदायूं| गंगा दशहरा पर स्नान करने के दौरान डूबी किशोरी का दूसरे दिन गोताखोरों की मदद से शव बरामद कर लिया गया है।किशोरी का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर पिलर के पास मिला।शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।दशहरा पर्व पर कछला गंगा घाट समेत जिले में डूबने से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है।दरअसल, उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला गंगा घाट पर दशहरा पर्व पर हाथरस जिले के हसायन थाना क्षेत्र के गांव कानऊ निवासी ओमवीर और नेत्रपाल अपने परिवार के साथ गंगा स्नान करने आए थे।
इसी दौरान ओमवीर का 16 वर्षीय बेटा नीलेश और नेत्रपाल की 17 वर्षीय बेटी शिखा गहरे पानी में डूब गए।घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया,लेकिन नीलेश का शव बरामद हो गया था,जबकि शिखा लापता थी।आज मंगलवार को गोताखोरों की मदद से शिखा का शव भी बरामद कर लिया गया।
हाथरस के सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव कानऊ निवासी ओमवीर रिश्तेदार नेत्रपाल निवासी गांव पिछौता के साथ गंगा स्नान करने आए थे।कछला गंगा घाट से करीब एक किलोमीटर दूर स्नान के दौरान ओमवीर का 16 वर्षीय बेटा नीलेश और उसकी 17 वर्षीय फुफेरी बहन शिखा पुत्री नेत्रपाल गहरे पानी में चले गए।उन्हें बचाने के प्रयास में ओमवीर,उनका बड़ा बेटा सर्वेश और रिश्तेदार श्यामवीर की पत्नी वर्षा भी डूबने लगीं।
गोताखोरों ने ओमवीर,सर्वेश और वर्षा को सुरक्षित निकाल लिया,जबकि नीलेश और शिखा लापता हो गए थे।काफी देर चले रेस्क्यू अभियान के बाद पुलिस ने नीलेश का शव बरामद कर लिया था,लेकिन देर शाम तक शिखा का सुराग नहीं लग सका था। इसके अलावा कछला गंगा घाट पर हाथरस के मुढ़सान निवासी 20 वर्षीय रोहित और बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र के सिरसा दबरई गांव निवासी राजकुमार की भी स्नान के दौरान गंगा में डूबने से मौत हो गई थी।वहीं उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना घाट पर मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी 19 वर्षीय पिंटू गंगा स्नान के दौरान डूब गया।फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव नुनैरा निवासी 18 वर्षीय अनुपम की भी मौत हुई थी।फिलहाल पुलिस ने शिखा के शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

