Gen-G Post Office : उत्तराखंड के शैक्षणिक संस्थानों में जेन-जी डाकघर खोलने की तैयारी की जा रही है। युवाओं को डाक सेवाओं से रूबरू कराने और उनसे जुड़ाव बढ़ाने के लिए डाक विभाग ने नई पहल शुरू की है। इस योजना के तहत प्रदेश के कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में ऐसे डाकघर स्थापित किए जाएंगे, जहां युवाओं की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
Gen-G Post Office : युवाओं को आकर्षित करने के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस
इस पहल के माध्यम से पारंपरिक डाकघरों को पूरी तरह से अपग्रेड किया जाएगा ताकि युवा आसानी से आकर्षित हों। जेन-जी डाकघरों में वाई-फाई सुविधा, कॉफी शॉप जैसी व्यवस्था और आधुनिक इंटीरियर शामिल किया जाएगा। ये डाकघर कॉलेज परिसरों के भीतर ही स्थापित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवा इनसे जुड़ सकें और इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
Gen-G Post Office : छात्रों के लिए सीखने और इंटर्नशिप के अवसर
डाक विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब डाकघर छात्रों के पास पहुंचेंगे, तो वे इसकी सेवाओं को बेहतर समझ पाएंगे। इसके साथ ही जेन-जी युवाओं को इंटर्नशिप के अवसर भी दिए जाएंगे, ताकि वे डाकघर की कार्यप्रणाली और विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल कर सकें। इस नए कॉन्सेप्ट का उद्देश्य डाकघर और उसकी सेवाओं को युवाओं के लिए सहज, आकर्षक और उपयोगी बनाना है।
Gen-G Post Office : पौड़ी और नैनीताल से होगी शुरुआत, बाद में पूरे प्रदेश में विस्तार
नई पहल के पहले चरण की शुरुआत पौड़ी और नैनीताल के शैक्षणिक संस्थानों से की जाएगी, जहां जेन-जी फ्रेंडली डाकघर चलाए जाएंगे। दूसरे चरण में देहरादून तथा अन्य जिलों में भी ऐसे डाकघर स्थापित किए जाएंगे। जेन-जी डाकघर का यह कॉन्सेप्ट पहले ही दिल्ली में शुरू हो चुका है, और अब इसे उत्तराखंड में लागू किया जा रहा है ताकि डाकघर को सीधे युवाओं तक पहुँचाया जा सके।

