गजरौला /अमरोहा जनपद के गजरौला में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित भव्य समारोह में 216 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंध गए। पूरे आयोजन में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित सुविधाएं और उपहार भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विधायक राजीव तरारा, ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने नवदंपतियों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद लाभकारी बताया।
वक्ताओं ने कहा कि यह योजना जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत कर रही है। कार्यक्रम का समापन नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

