बदायूं के मीरापुर में हाहाकार: डेंगू पीड़ित महिला की मौत के बाद दहशत, घर-घर में चारपाई पर लेटे मरीज
बदायूं।वजीरगंज क्षेत्र के मीरापुर गांव में कई दिनों से बुखार फैला हुआ है।कल शुक्रवार को डेंगू पीड़ित गांव की महिला पूजा की उपचार के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई।वहीं,गांव में 100 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं।डेंगू से मौत होने से ग्रामीण दहशत में हैं।कुछ मरीज घरों पर ही इलाज करा रहे हैं,जबकि कई लोग निजी अस्पतालों और अन्य स्थानों पर उपचार करा रहे हैं। इनमें करीब 10 से 15 मरीज ऐसे हैं,जिन्हें हालत बिगड़ने पर दूसरे जिलों में ले जाकर भर्ती कराया गया है।
मीरापुर निवासी जितेंद्र कुमार की पत्नी पूजा पिछले कई दिन से बुखार से पीड़ित थीं।हालत में सुधार न होने पर उन्हें बिसौली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।वहां पिछले दो दिनों से उनका इलाज चल रहा था।17 सितंबर को डॉक्टर ने निजी लैब से उनकी जांच कराई,रिपोर्ट में डेंगू और टाइफाइड की पुष्टि हुई।
हर परिवार में एक बीमार:-शुक्रवार को अस्पताल में ही महिला की मौत हो गई।महिला की मौत के बाद गांव में बीमारी को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।अजय, रोहित, मोहन के मुताबिक,मीरापुर में कई दिनों से बुखार के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। किसी घर में एक तो कहीं परिवार के एक से अधिक सदस्य बीमार हैं।कुछ लोग आर्थिक स्थिति और बीमारी की गंभीरता के अनुसार घर पर ही दवा ले रहे हैं,जबकि कई परिवार निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों का सहारा ले रहे हैं।करीब 10 से 15 मरीज दूसरे जिलों में उपचार कराने गए हैं।सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि इस संबंध में संबंधित एमओआईसी से जानकारी ली गई है।महिला की मौत कैसे हुई है यह डेथ ऑडिट पूर होने के बाद ही पता चल सकेगा।

