अरिल नदी में नहाने के दौरान डूबे चार दोस्तों में तीन बचाए, एक छात्र लापता
बदायूं।अरिल नदी में नहाने के दौरान चार दोस्त डूब गए।डूबने के दौरान चारों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और तीन दोस्तों को बचा लिया,लेकिन एक छात्र पानी के तेज बहाव में बह गया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डूबे छात्र को ढूंढने के लिए गोताखोरों को लगाया है।

थाना बिनावर क्षेत्र के गांव भगवानपुर में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे हाईस्कूल का छात्र राहुल (15) पुत्र लालमोहन अपने दोस्तों के साथ गांव के पास बह रही अरिल नदी में नहाने गया था।नहाते-नहाते वह दोस्तों के साथ गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। चीख-पुकार होने पर खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाकर तीन बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन पानी अधिक होने के कारण राहुल नदी में बह गया। सूचना पर परिवार के लोग रोते हुए मौके पर पहुंचे। किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि अरिल नदी में छात्र के डूबने की सूचना पर एसडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए लगाया गया। एसडीआरएफ टीम ने बोट से डेढ़ से दो किलोमीटर के क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाया लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं लगा है।शनिवार को दोबारा से रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।नदी में चार दोस्त डूबे, लेकिन जिन तीन युवकों को बचाया गया,वे डर की वजह से मामले से किनारे हो गए।पुलिस ने कई बार उन युवकों के नाम जानने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने नाम नहीं बताए।
रिपोर्ट-जयकिशन सैनी
Related