समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
सैदनगली (अमरोहा)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत शुक्रवार को थाना सैदनगली की एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने दयानंद इंटर कॉलेज, सैदनगली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया तथा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।कार्यक्रम में छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। टीम ने छात्राओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच इन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।
इसके अलावा पुरुषों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना तथा निराश्रित महिला पेंशन योजना की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
थाना सैदनगली की एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सुरक्षा सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।

