Amroha News-अमरोहा, श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं श्री रामडोल शोभायात्रा के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी डॉ0 नितिन गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 लखन सिंह यादव ने आज भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। दोनों अधिकारियों ने थाना अमरोहा नगर क्षेत्र के टीपी नगर, आवास विकास, अतरासी तिराहा, मौ0 बटवाल सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पैदल मार्च के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शोभायात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क की स्थिति, जलभराव, पथ प्रकाश, विद्युत तारों तथा यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शोभायात्रा से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा मार्ग में किसी भी प्रकार का अवरोध न रहने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। शोभायात्रा मार्ग पर गड्ढे एवं जलभराव न हो तथा साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रहे।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। शोभायात्रा मार्ग एवं प्रमुख स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने तथा सीसीटीवी के माध्यम से भी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
दोनों अधिकारियों ने आमजन एवं व्यापारियों से पर्व को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। आमजन से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने एवं सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की अपील की।

