shreyas-iyer : सनराइजर्स हैदराबाद के घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स की टीम 2014 से नहीं जीती है. इस रिकॉर्ड को पंजाब की टीम आईपीएल 2026 में भी नहीं बदल सकी. सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 20 ओवरों में 235 रन बनाए, तो वहीं पजाब किंग्स की टीम 202 रन ही जोड़ सकी. पंजाब की टीम को 33 रनों से हार मिली है. लगातार तीसरी हार से निराश कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी टीम के 3 खिलाड़ियों पर हार का ठीकरा फोड़ दिया है. उन्होंने इस हार के पीछे का कारण बताया है.
श्रेयस अय्यर ने इन 3 खिलाड़ियों को बताया हार के लिए जिम्मेदार
कप्तान श्रेयस अय्यर का मानना है कि कूपर कोनोली, शशांक सिंह और लॉकी फर्ग्यूसन का कैच छोड़ना टीम को भारी पड़ा. इन तीनों खिलाड़ियों को पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में बिना नाम लिए हार का जिम्मेदार ठहराते हुए अय्यर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि लक्ष्य थोड़ा ज्यादा था क्योंकि हमने शुरुआत में कई कैच छोड़े और हम आसानी से उनके स्कोर को 30 से 40 रन तक कम कर सकते थे. क्योंकि विकेट धीमा होता जा रहा था और कटर गेंदें भी ठीक से नहीं लग रही थीं. इसलिए हम फील्डिंग, गेंदबाजी और बल्लेबाजी में उतने प्रभावी नहीं थे. मुझे लगता है कि उन्होंने बेहतरीन क्रिकेट खेला और हमें मैच जीतना सिखाया.’
कमबैक को लेकर बोलते हुए श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस टूर्नामेंट में हमारी शुरुआत शानदार रही और सभी खिलाड़ी बहुत अच्छे मूड में थे और उनका मनोबल भी बहुत ऊंचा था. मुझे लगता है कि हमें इसी मानसिकता को बनाए रखना चाहिए. नकारात्मक बातें करने से ध्यान भटकना आसान है. लेकिन निश्चित रूप से हमें वापस जाकर पिछले तीन मैचों में जिन चीजों में हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, उन पर विचार करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि हम मजबूती से वापसी करें.’
अय्यर ने बताया हार का कारण
कूपर कोनोली की तारीफ करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, ‘कोनोली शानदार हैं. उनकी मानसिकता बेहतरीन है और मैदान पर उनका जो व्यक्तित्व है, उससे सभी खिलाड़ी सीख सकते हैं. इसके अलावा, मुझे लगता है कि वह दबाव वाली परिस्थितियों में बड़े रन बनाने में माहिर है. उसने पहले भी ऐसा किया है और आज इसका सटीक उदाहरण था.’
युजवेंद्र चहल की तारीफ करते हुए कप्तान अय्यर ने हार का कारण बताया. इसे बारे में उन्होंने कहा, ‘वो(चहल) निडर थे और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनका रवैया शानदार था. मैंने उन्हें आक्रामक होने के लिए कहा था, खासकर जब नए बल्लेबाज बल्लेबाजी करने आए थे क्योंकि वे पहली ही गेंद से आक्रामक हो गए थे और उस समय विकेट लेना बेहद जरूरी था. दुर्भाग्य से, हम कैच नहीं पकड़ पाए. मुझे लगता है कि आज के मैच में यही हमारे लिए सबसे बड़ा झटका था. लेकिन निश्चित रूप से इस पर विचार करने और मजबूत वापसी करने की जरूरत है.’

