मिक्स मार्शल आर्ट्स (MMA) में भारत की सुचिका तारियाल सेमीफाइनल मैच में सिंगापुर की खिलाड़ी से मुकाबला करेंगी। वह पहले ही भारत के लिए एक मेडल पक्का कर चुकी हैं और अब जीतकर फाइनल में गोल्ड मेडल हासिल करने की कोशिश करेंगी। टेबल टेनिस में भी भारत और पाकिस्तान के बीच बड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां भारतीय महिला टीम सुबह और पुरुष टीम शाम को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगी। इसके अलावा, भारतीय महिला हॉकी टीम इंडोनेशिया से भिड़ेगी, जबकि पुरुषों की कबड्डी टीम जापान और महिला कबड्डी टीम बांग्लादेश से मैच खेलेगी। बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम का सामना बांग्लादेश से होगा और मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) में भारत के सुमित का मुकाबला बुनजोंग सिंसिरी से होगा।
भारत ने जापान पर 31-9 की बढ़त बनाई
मेंस की कबड्डी के ग्रुप-A मैच में हाफ-टाइम तक भारत ने जापान पर 31-9 की बड़ी बढ़त बना ली है। शुरुआत में जापान ने पहला अंक हासिल किया था, लेकिन भारत ने तुरंत वापसी करते हुए मैच पर अपना कब्जा जमा लिया। भारत के रेडर्स और डिफेंडर्स ने मिलकर शानदार खेल दिखाया। हाफ-टाइम तक भारत के पास 22 अंकों की मजबूत बढ़त है और मैच पूरी तरह उनके नियंत्रण में है। जापान को दूसरी पारी में बहुत बड़ी वापसी करने की जरूरत है, जबकि भारतीय टीम अपनी इस लय को बरकरार रखकर ग्रुप-A में एक और शानदार जीत हासिल करना चाहेगी।
कबड्डी के ग्रुप-A मैच में भारत का मुकाबला जापान से
कबड्डी के ग्रुप-A मैच में जापान ने पहला अंक हासिल कर शुरुआत की, लेकिन भारत ने तुरंत शानदार वापसी की। शुरुआती झटके से उबरते हुए भारत ने 9-2 की बढ़त बना ली और 7 अंकों का अंतर खड़ा कर दिया। मैच के शुरुआती दौर में ही भारतीय टीम ने पूरी तरह नियंत्रण बना लिया है। 9-2 की मजबूत बढ़त के साथ मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में झुक गया है और टीम अपनी इस बढ़त को और आगे बढ़ाने के लिए खेल रही है।
महिला हॉकी में इंडिया और इंडोनेशिया के बीच हो रहा है मुकाबला
महिला हॉकी मैच के पहले क्वार्टर के शुरुआती 5 मिनट में भारत और इंडोनेशिया 0-0 की बराबरी पर हैं। मैच की शुरुआत में ही भारत को एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिससे नवनीत के पास पहला गोल करने का एक बेहतरीन मौका था।
हालांकि इंडोनेशिया की गोलकीपर ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए अपने बाएं पैर से नवनीत के इस शॉट को रोक दिया। इस बेहतरीन बचाव की बदौलत इंडोनेशिया बराबरी पर बना रहा। भारतीय टीम पहला गोल करके बढ़त बनाने के लिए लगातार दबाव बना रही है, लेकिन इंडोनेशिया की टीम ने शुरुआत में मजबूत बचाव किया है।
हिमांशु ढिल्लों ने जीता सिल्वर, रुद्राक्ष पाटिल को मिला ब्रॉन्ज
पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल का फाइनल मैच खत्म हो चुका है और भारत ने इसमें दो मेडल अपने नाम किए हैं। हिमांशु ढिल्लों ने 252.4 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल जीता, जबकि रुद्राक्ष बालासाहब पाटिल ने 230.9 अंक के साथ कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। वहीं चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक हासिल कर गोल्ड मेडल जीता।

