पीलीभीत समाजवादी पार्टी की जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर भाजपा सरकार की नीतियों का कड़ा विरोध किया है।
राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की गई है। सपा ने घायल छात्रों को उचित मुआवजा देने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
वहीं, राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय पर हो रही कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया गया है। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के चलते भाजपा सरकार इस शैक्षिक संस्थान को निशाना बना रही है। पार्टी ने इसे युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताते हुए कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

