उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में एक नए गठबंधन की एंट्री होने जा रही है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद चंद्रशेखर आजाद आज गुरुवार, 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अपने गठबंधन का औपचारिक ऐलान करेंगे। इस नए सियासी गठजोड़ को प्रदेश में तीसरे मोर्चे के रूप में देखा जा रहा है।
आज दोपहर लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
दोनों नेता बुधवार देर शाम लखनऊ पहुंच गए थे। गुरुवार दोपहर राजधानी के एक होटल में दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और गठबंधन का औपचारिक ऐलान होगा। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा है कि गुरुवार को तीसरे मोर्चे का ऐलान होगा। फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और चुनावी घोषणापत्र जैसे मुद्दों पर अंतिम फैसला बाद में होने की बात कही जा रही है।
150 सीटों पर फोकस, मुस्लिम-दलित बाहुल्य क्षेत्र निशाने पर
नए मोर्चे का फोकस उन करीब 150 सीटों पर है, जहां मुस्लिम और दलित मतदाता निर्णायक स्थिति में हैं। दोनों दलों का फोकस कुंदरकी, संभल, असमोली, बिलारी, रामपुर, मेरठ, नगीना, कानपुर कैंट, आजमगढ़ के मेहनगर, जौनपुर के मछलीशहर और शाहगंज, बहराइच और श्रावस्ती जैसी सीटों पर है। बहराइच की मटेरा, श्रावस्ती की भिनगा और कैराना से प्रत्याशी भी घोषित कर दिए गए हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम ने 95 उम्मीदवार उतारे थे।
सपा ने बताया वोटकटवा, गठबंधन पर सियासी घमासान
गठबंधन के ऐलान से पहले ही सियासी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। सपा सांसद रुचि वीरा ने इस गठबंधन को वोटकटवा करार दिया है। जानकारों का मानना है कि नए गठबंधन का असर यूपी की दो दर्जन से अधिक सीटों पर देखने को मिल सकता है। यह देखना अहम होगा कि यह मोर्चा सपा-बसपा के वोट बैंक को कितना प्रभावित करता है और भाजपा को इसका फायदा मिलता है या नुकसान। सीएम योगी के नियुक्ति पत्र कार्यक्रम की खबर यहां पढ़ें
2027 के चुनाव से पहले बदलेगा सियासी समीकरण?
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन के आने से प्रदेश की सियासत में नए समीकरण बन सकते हैं। दोनों दलों का कहना है कि वे उन समुदायों की आवाज बनेंगे, जिन्हें अब तक नजरअंदाज किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद गठबंधन की रूपरेखा और साफ होगी। यूपी में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की खबर यहां पढ़ें

