रायबरेली जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बारात की खुशियां मातम में बदल गईं। बांदा-टांडा मार्ग (एनएच-232) पर सेमरपहा गांव के निकट तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बारातियों से भरी दो कारों में टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना का संज्ञान लिया है।
फतेहपुर से उन्नाव जा रही थी बारात
जानकारी के अनुसार बारात फतेहपुर जिले के किशनपुर से उन्नाव जिले के पुरवा जा रही थी। बारात के काफिले में कुल तीन गाड़ियां शामिल थीं, जिनमें महिलाएं और बच्चे समेत करीब एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे। मंगलवार रात करीब 10 बजे जब गाड़ियां लालगंज बाइपास से गुजर रही थीं, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पहले एक कार में टक्कर मारी और फिर दूसरी कार भी उसकी चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि बारात की एक गाड़ी रॉन्ग साइड से आ रही थी, हालांकि हादसे के कारणों की आधिकारिक जांच जारी है।
कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
टक्कर के बाद तीन लोग कार के अंदर बुरी तरह फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को लालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है।
मृतकों की संख्या को लेकर भ्रम, पुलिस ने की एक मौत की पुष्टि
हादसे के बाद दो लोगों की मौत की चर्चा भी सामने आई, लेकिन पुलिस अधिकारी ने फिलहाल केवल एक महिला की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। घायलों में दो बच्चे और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए बस हादसे की खबर यहां पढ़ें
डिप्टी सीएम ने दिए इलाज के निर्देश
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके घटना का संज्ञान लिया और घायलों को तत्काल इलाज देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। यूपी में सड़क हादसों की खबर यहां पढ़ें

