Omar Abdullah Nidhi Razdan Wedding: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपनी शादी की खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए रिश्ते की आधिकारिक घोषणा की। इसके साथ ही पिछले कई वर्षों से दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं और अटकलों पर विराम लग गया है।
उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शादी की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “कल नया सफर शुरू हुआ।” इसके साथ उन्होंने रिंग इमोजी भी लगाई। दूसरी तरफ निधि राजदान ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसी तरह की तस्वीरें साझा कीं। दोनों की पोस्ट सामने आने के बाद उन्हें बधाइयां देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया।
IITian बाबा अभय सिंह ने हिमाचल के प्रसिद्ध मंदिर में की लव मैरिज, कौन है दुल्हन?
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी की तस्वीरें वायरल
शादी की तस्वीरों में निधि राजदान पारंपरिक लाल रंग के खूबसूरत परिधान में नजर आ रही हैं। उनके कपड़ों पर सोने और चांदी की बारीक कढ़ाई की गई है। उन्होंने मैचिंग दुपट्टे और आकर्षक पारंपरिक ज्वेलरी के साथ अपना लुक पूरा किया।
वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शादी के मौके पर नेवी ब्लू रंग का बंदगला सूट पहना। तस्वीरों में दोनों एक साथ बेहद खुश नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में दोनों लकड़ी की सीढ़ियों के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि पारंपरिक इंटीरियर ने तस्वीरों की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है।
निधि राजदान की दूसरी तस्वीरों में उनका सेज-ग्रीन सिल्क साड़ी वाला लुक भी देखने को मिला। साड़ी पर हल्के सुनहरे फूलों की डिजाइन बनी हुई है। इसके साथ उन्होंने क्रीम-गोल्ड ब्लाउज, मांग टीका और पारंपरिक चूड़ियां पहनी हैं। उनके हाथों में लगी मेहंदी भी आकर्षण का केंद्र रही।
उमर अब्दुल्ला ग्रे-टौप कुर्ता सूट और क्रीम रंग की नेहरू जैकेट में नजर आए। तस्वीरों में दोनों के बीच शानदार केमिस्ट्री और खुशी साफ दिखाई दे रही है।
दिल्ली में होगा शादी का रिसेप्शन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी 30 अक्टूबर 2026 को हुई। बताया जा रहा है कि शादी की रस्में नई दिल्ली और श्रीनगर में आयोजित की गईं, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी रिश्तेदार शामिल हुए।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार शाम नई दिल्ली में शादी का रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों ने अभी तक शादी के आयोजन स्थल और समारोह से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की दूसरी शादी
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पत्रकार निधि राजदान दोनों की यह दूसरी शादी है। 56 वर्षीय उमर अब्दुल्ला ने पहली शादी 1 सितंबर 1994 को पायल नाथ से की थी। इस शादी से उनके दो बेटे जहीर और जमीर हैं।
उमर अब्दुल्ला और पायल नाथ के बीच वर्ष 2009 के आसपास अलगाव की खबरें सामने आई थीं। बाद में उमर ने भी सार्वजनिक रूप से अलग रहने की बात स्वीकार की थी। उनकी तलाक की कानूनी प्रक्रिया लंबे समय तक चली। जुलाई 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों की आपसी सहमति और मध्यस्थता के बाद संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत विवाह समाप्त करने की अनुमति दी थी।
वहीं, निधि राजदान की पहली शादी पत्रकार और लेखक नीलेश मिश्रा से हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने वर्ष 2005 में शादी की थी और 2007 में अलग हो गए थे।
कई सालों से चल रही थीं रिश्ते को लेकर चर्चाएं
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान के रिश्ते को लेकर लंबे समय से मीडिया और सोशल मीडिया में चर्चाएं होती रही थीं। हालांकि, दोनों ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की थी।
अक्टूबर 2024 में श्रीनगर में उमर अब्दुल्ला के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह में निधि राजदान की मौजूदगी के बाद इन चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया था। इसके बाद भी दोनों ने अपने निजी रिश्ते पर चुप्पी बनाए रखी।
अब सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें साझा कर दोनों ने अपने नए जीवन की शुरुआत का ऐलान कर दिया है। उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक, पत्रकारिता और सोशल मीडिया जगत में इसकी खूब चर्चा हो रही है।

