उत्तराखंड के नैनीताल में दोस्तों के साथ घूमने आया एक युवक नैना पीक की पहाड़ी से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। दूसरे दिन भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता छात्र की तलाश में एसडीआरएफ, दमकल विभाग, मल्लीताल कोतवाली पुलिस और वन विभाग की चार टीमें जुटी हुई हैं।
फोटो खींचते समय दोस्तों से बिछड़ा
बिहार के मुंगेर जिले के पहरपुर निवासी अर्नव सिंह भीमताल स्थित ग्राफिक एरा कॉलेज का छात्र है। उसके गांव के तीन दोस्त आलोक राज, ओम जी और ऐश्वर्य राज 4 नवंबर को हल्द्वानी पहुंचे थे और उससे मिलने आए थे। 5 नवंबर को चारों युवक दोपहर करीब 2:20 बजे नैना पीक की ओर रवाना हुए। बताया गया कि अर्नव पहले भी नैना पीक जा चुका था। शाम करीब 5:15 बजे फोटो खींचते समय अर्नव दोस्तों से अलग हो गया और काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।
चार टीमें चला रहीं सर्च ऑपरेशन
दोस्तों ने शाम को टंकी बैंड स्थित वन चौकी पहुंचकर अर्नव के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में एसडीआरएफ, दमकल विभाग, मल्लीताल कोतवाली पुलिस और वन विभाग की चार टीमें तलाश में जुट गईं। देर रात तक चले अभियान के बाद शनिवार सुबह एक बार फिर चार टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नैना पीक क्षेत्र 8622 फीट की ऊंचाई पर है और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में तलाश का काम कठिन हो रहा है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
नैना पीक और किलबरी ईको टूरिज्म जोन में इससे पहले भी एक किशोर के लापता होने की घटना सामने आ चुकी है। 19 नवंबर 2025 को रुद्रपुर निवासी 17 वर्षीय जयस लापता हो गया था, जिसे करीब दो दिन की तलाश के बाद खोजा जा सका था। परिजनों को अर्नव के लापता होने की सूचना दे दी गई है और वे नैनीताल पहुंच गए हैं। केदारताल बचाव अभियान की खबर यहां पढ़ें
तलाश जारी
फिलहाल लापता छात्र अर्नव की तलाश जारी है। रेस्क्यू टीमों की ओर से किलबरी से लेकर चाइना पीक तक के घने जंगलों में चप्पे-चप्पे की छानबीन की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि छात्र के बारे में कोई जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान मिलने की खबर भी पढ़ें

