उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली के आनंद विहार से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया चौराहे के पास ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। बस में सवार अधिकांश यात्री दीपावली और छठ पूजा मनाने अपने घर लौट रहे थे।
ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे बस पटहेरवा थाना क्षेत्र के डुम्मरभार गांव के समीप लबनिया चौराहे के पास पहुंची थी। ओवरटेक करने के दौरान बस की सामने से आ रहे ट्रक-ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
दो की मौके पर मौत, बच्ची ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में दो पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं। घायलों को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां से दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी एवं ट्रॉमा प्रभारी डॉ. पुष्कर पाठक ने घायलों और मृतकों के बारे में जानकारी दी।
पुलिस जांच में जुटी
रवींद्रनगर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के अनुसार हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने भी हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। त्योहारी सीजन में घर लौट रहे यात्रियों के साथ हुआ यह हादसा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वाराणसी में अवैध पटाखों पर कार्रवाई की खबर यहां पढ़ें
त्योहारी सीजन में सड़क हादसे
दीपावली और छठ के मौके पर दिल्ली से बिहार-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश ऐसे हादसों की बड़ी वजह बनती है। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से त्योहारी सीजन में सावधानी से यात्रा करने की अपील की है। यूपी में आपदा मुआवजा बढ़ने की खबर भी पढ़ें
