मुरादाबाद।मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगन वाली मैनाठेर में नाले से बरामद हुए 25 वर्षीय रियाजुल के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने ही दोस्तों ने एक पुरानी रंजिश के चलते की थी। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद खौफनाक है।
एक थप्पड़ की कीमत बनी जान
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी तौहीद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि रियाजुल उसका दोस्त था और वे सभी अक्सर साथ में ताश खेलते थे। लगभग डेढ़ माह पूर्व ताश खेलने के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर रियाजुल और तौहीद के बीच विवाद हो गया था। बहस बढ़ने पर रियाजुल ने तौहीद को सबके सामने थप्पड़ मार दिया था। उस वक्त तो मामला शांत हो गया, लेकिन तौहीद उस थप्पड़ का अपमान नहीं भूला और रियाजुल की हत्या की साजिश रचने लगा।
ताश खेलने के बहाने बुलाकर दिया खौफनाक अंजाम
बदला लेने की आग में जल रहे तौहीद ने अपने दो अन्य दोस्तों— मझोला के मियां काॅलोनी निवासी अब्दुल वहाब उर्फ राजा और जयंतीपुर निवासी मुजाहिद उर्फ पर्ची— के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
रियाजुल के पिता रईस अहमद द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे ये तीनों आरोपी रियाजुल के घर पहुंचे और उसे ताश खेलने के बहाने बुलाकर ले गए। ये सभी चौबीस फुटा रोड नाले के आगे पानी की टंकी के पास पहुंचे। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने रियाजुल पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पहचान छिपाने के इरादे से उन्होंने ईंटों से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया और फिर शव को नाले में फेंक कर फरार हो गए।
पुलिस कर रही है क्रिमिनल हिस्ट्री की जांच
परिजनों से पूछताछ में सुराग मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद पूरी वारदात से पर्दा उठ गया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है और अब पुलिस इन हत्यारोपियों का आपराधिक इतिहास (Criminal History) खंगाल रही है।
बता दें कि गांगन वाली मैनाठेर निवासी मृतक रियाजुल पेशे से ढलाई कारीगर था और भाइयों में सबसे बड़ा था। करीब तीन साल पहले उसका निकाह हुआ था, लेकिन अनबन के चलते उसका पत्नी से तलाक हो गया था।

