जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में 14 साल की प्रेग्नेंट लड़की की मौत के मामले में एक्शन लेते हुए एक टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है। दरअसल, स्कूल गर्ल की प्रेग्नेंसी टर्मिनेशन से जुड़े मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए डोडा शिफ्ट किए जाने के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में कथित तौर पर शामिल एक सरकारी टीचर को अरेस्ट किया है।
डोडा शिफ्ट करते वक्त हुई नाबालिग की मौत
बता दें कि किश्तवाड़ के चटरू इलाके की रहने वाली नाबालिग लड़की कथित तौर पर प्रेग्नेंट थी और उसे प्रेग्नेंसी टर्मिनेशन से जुड़े ट्रीटमेंट के लिए डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल किश्तवाड़ से डोडा रेफर किया गया था। हालांकि, शिफ्ट करते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
आरोपी टीचर को किया गया सस्पेंड
इस घटना के बाद, किश्तवाड़ पुलिस ने FIR दर्ज की है और आरोपी टीचर खालिद हुसैन शेख को अरेस्ट कर लिया। इस बीच, चीफ एजुकेशन ऑफिसर किश्तवाड़ ने मिडिल स्कूल बामलपोरा, जोन इंदरवाल में टीचर ग्रेड-II के पद पर तैनात टीचर को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। मामले की आगे की जांच चल रही है।
पूछताछ के बाद होगा पूरे मामले का खुलासा
पुलिस इस मामले में अब आरोपी टीचर से पूछताछ करेगी और पता लगाएगी कि ये पूरा मामला क्या है। नाबालिग लड़की की कथित प्रेग्नेंसी के पीछे कौन है। किसने उसका यौन शोषण किया है। उसके प्रेग्नेंट होने तक बात कैसे पहुंची। इसका पता लगाया जा रहा है।
जब रेप के आरोप में पकड़ा गया था मौलवी
इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के डोडा में मदरसे के मौलवी पर नाबालिग से रेप का आरोप लगा था। पुलिस ने बताया था कि आरोपी की पहचान चैल्लर गांव के नासिर मजीद के तौर पर हुई थी, जिसे गंदोह क्षेत्र में मदरसा दार-उल-कुरान में वारदात से जुड़ी शिकायत मिलने के 3 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो और BNS की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया था कि जांच शुरू करने के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया गया था।
बड़े सर्च ऑपरेशन चलाकर पकड़ा था आरोपी
पुलिस ने कहा था कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नासिर मजीद छिप गया था। अहम सुरागों के आधार पर व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद महत्वपूर्ण सुराग और सामूहिक कोशिश के जरिए आरोपी का पता लगाया गया था और उसे पकड़ लिया गया था।

