Monsoon News-नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के चलते उत्तर पश्चिम भारत में 13 तारीख तक बारिश का प्रभाव देखने को मिल सकता है। गरज के साथ बिजली, तेज हवा और ओलावृष्टि का प्रभाव मुख्य रूप से 11 और 12 तारीख को देखने को मिलेगा। उत्तर पूर्वी राज्यों में और पश्चिम बंगाल में आने वाले पांच से सात दिनों में एक दो स्थानों में सात से लेकर 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। दक्षिण भारतीय राज्य केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
पिछले 24 घंटे में हिमालय, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु में एक दो स्थानों में 12 से 20 सें.मी. तक बारिश हुई है। दक्षिण कंकण, अंडमान निकोबार आइलैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, केरल, लक्षद्वीप, तेलंगाना में एक दो स्थानों में भारी बारिश देखने को मिली है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी मध्य प्रदेश में एक दो स्थानों में ओलावृष्टि हुई है। देश के कई हिस्सों में गरज के साथ बिजली और तेज हवा का प्रभाव देखने को मिला है।
कहां पहुंचा मानसून?
मानसून अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में आगे बढ़ सकता है और तमिलनाडु का बचा हुआ हिस्सा भी कवर कर सकता है। इसी दौरान छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, उड़ीसा के कुछ हिस्से में मानसून दस्तक दे सकता है। हालात मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं। पश्चिम विक्षोभ के कारण निम्न दबाव का क्षेत्र मध्य भाग में बना हुआ है। इस वजह से उत्तर पश्चिम भारत में अगले 24 घंटे तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद 11 से 13 तारीख के बीच में पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान फिर से 2 से 4° तक बढ़ सकता है। देश के मध्य भाग में अगले 3 दिन यानी कि 12 तारीख तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखने को मिलेगा। लेकिन उसके बाद 2 से 3° तक तापमान में गिरावट देखने को मिल सकता है। पूर्वी भारत में 2 दिन तक तापमान में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसके बाद 2 से 4° तक 12 से 14 के बीच में तापमान में गिरावट हो सकती है।
मध्य प्रदेश-बिहार में ऑरेंज अलर्ट
पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, उड़ीसा और बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ अंडमान निकोबार आइलैंड में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुख्य रूप से गरज के साथ बिजली तेज हवा का प्रभाव सभी इलाकों में देखने को मिलेगा। असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में एक दो स्थानों में भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश का प्रभाव अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, तेलंगाना, कर्नाटक, दक्षिण कोंकण, तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु में और लक्षद्वीप में देखने को मिलेगा। कर्नाटक, गोवा, केरल में 30 से 40 कि.मी. तक रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
यूपी-कश्मीर में जारी रहेगा लू का कहर
जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में लू का कहर जारी रहेगा। पश्चिम विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ओले गिर सकते हैं। इन सभी जगहों पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में एक दो स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने का अनुमान है। तेज हवा और गरज के साथ बिजली का प्रभाव पूर्वी भारत में देखने को मिल सकता है।

