कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के आंगन में अचानक जमीन धंस गई। घर में मौजूद 18 वर्षीय यशी इसकी चपेट में आकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के मुताबिक, घर में रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं। यशी सुबह स्नान करने के बाद बाथरूम से बाहर निकली थी। वह पूजन सामग्री लेकर कजलिया तालाब जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान कुछ ही सेकेंड में आंगन की जमीन धंस गई और वह गड्ढे में समा गई।
अचानक धंसी जमीन, परिवार में मची चीख-पुकार
यशी के जमीन में गिरते ही परिवार के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में युवती के फंसे होने की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के बाद फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमों को बुलाया। युवती तक सुरक्षित पहुंचने के लिए गड्ढे के आसपास से खुदाई शुरू कराई गई।
घर का बरामदा गिराकर शुरू की गई खुदाई
रेस्क्यू टीमों के सामने सबसे बड़ी चुनौती गड्ढे तक सुरक्षित पहुंचने की है। गड्ढे के आसपास की जमीन भी कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में बचाव दल बेहद सावधानी से काम कर रहा है। युवती को बाहर निकालने के लिए घर के बरामदे का एक हिस्सा गिराया गया। इसके बाद JCB की मदद से गड्ढे के आसपास खुदाई कर रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

