राजा की सीकरी गांव में हुए बबाल का मास्टरमाइंड मान सिंह अब तक पुलिस की पकड़ से दूर
गांव में चंदा करने और प्रतिमा लगाने तक मुख्य भूमिका रहा था मान सिंह
बदायूं। फैजगंज थाना क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी गांव में डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद हालात सामान्य करने में जुटी पुलिस के सामने अब मुख्य साजिशकर्ता मान सिंह तक पहुंचने की चुनौती है।प्रकरण में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, लेकिन घटना का कथित मास्टरमाइंड अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी गिरफ्तारी अभी तक पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
गांव में प्रतिमा लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में तनाव और पथराव तक पहुंच गया था।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी तैनात करनी पड़ी थी।घटना के बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज, सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान शुरू की।पुलिस की कार्रवाई के बावजूद जिस व्यक्ति को पूरे घटनाक्रम का मुख्य सूत्रधार बताया गया, वह अब तक पुलिस के हाथ नहीं आया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उसके संपर्क में रहे लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल रही है। इधर,गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

