इस्लामनगर डकैती कांड: संभल और हापुड़ के पांच बदमाशों को पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
बदायूं| इस्लामनगर में किसान निजाकत के घर हुई डकैती में शामिल संभल और हापुड़ के पांच बदमाशों को पुलिस ने सोमवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। गोली लगने से तीन बदमाश और एक सिपाही घायल हो गया।उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।19 और 20 मई की रात इस्लामनगर थाना क्षेत्र में किसान निजाकत के घर सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोलकर करीब एक लाख 25 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवरात सहित कुल 19 लाख रुपये का सामान लूट ले गये। घटना के बाद से पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थीं।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि सोमवार की देर रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध बदमाश चंदौसी रोड की ओर जा रहे हैं।पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।जवाबी कार्रवाई में बदमाश किशनपाल निवासी गांव जनेठा थाना बनियाठेर, मनोज निवासी ग्राम प्रतापपुर थाना बहजोई संभल,भूरा निवासी अतरौली थाना भोजपुर जिला हापुड़ गोली लगने से घायल हो गए।बदमाश मनोज के दोनों पैर में गोली लगी है।बाकी दो के एक-एक पैर में गोली लगी है।दो अन्य आरोपी ओमवीर और दीपक निवासी बहजोई संभल भी पकड़े गये हैं। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती में लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं।इसके अलावा तीन तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं। घायल बदमाशों और घायल सिपाही अनुज चौधरी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी



