कबाड़खाने में काले धंधे का भंडाफोड़: चोरी की गाड़ियां काटने वाला मुख्य आरोपी यामीन गिरफ्तार, भारी मात्रा में पुर्जे बरामद
बिल्सी।थाना बिल्सी पुलिस ने चोरी की कारों और मोटरसाइकिलों के पार्ट्स काटकर कबाड़ और ग्राहकों को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी के गोदाम से कटे हुए वाहन इंजन मोटरसाइकिलों के पार्ट्स और एक नंबर प्लेट समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। गिरोह के दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए,जिनकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिल्सी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला नंबर-3 स्थित पानी की टंकी के पास संचालित कबाड़ के गोदाम पर छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान यामीन पुत्र बुद्धन (60 वर्ष) निवासी मोहल्ला नंबर-3 बिल्सी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार का कटा हुआ इंजन,दो मोटरसाइकिलें (एक बिना इंजन की),दो कटे हुए मोटरसाइकिल इंजन,दो टंकियां तथा एक नंबर प्लेट बरामद की है।मौके से फरार हुए शकील और नाहिद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
इस मामले में थाना बिल्सी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।पुलिस अब बरामद वाहनों और उनके पार्ट्स के चोरी के मामलों से जुड़े होने की जांच कर रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

