समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा)। शासन के निर्देश पर गुरुवार को तहसील हसनपुर प्रशासन ने ग्राम ढक्का में सरकारी भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ढक्का ड्रेन की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया।
जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।तहसीलदार हसनपुर द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, जांच में पाया गया कि इन सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा कर मकान और बस्ती बसा ली गई थी, जिससे ड्रेन का अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया था।प्रशासन ने बताया कि अवैध कब्जेदारों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय तहसीलदार (न्यायिक) एवं न्यायालय अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमरोहा द्वारा पारित आदेशों के अनुपालन में राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में 21 अवैध कब्जेदारों से सरकारी भूमि खाली कराई गई।
प्रशासन के अनुसार, कब्जेदारों को पहले भी कई बार नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन आदेशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद बुलडोजर कार्रवाई की गई।इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में वर्षों से बंद पड़ी ढक्का ड्रेन के पुनर्जीवित होने और जल निकासी व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।नायब तहसीलदार ने बताया कि ढक्का के बाद सैद नगली और इकोन्दा गांवों में भी सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध अभियान चलाकर बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक उपयोग की ज़मीन पर किसी भी तरहा का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्यवाही से आसपास के इलाकों में हड़कम मच गया।

