समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Hasanpur News-हसनपुर (अमरोहा) हसनपुर क्षेत्र के गांव गांगट कोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय के मुख्य गेट का ताला तोड़ने के साथ ही दीवार काटकर परिसर में घुस गए और विद्यालय में रखे मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) से संबंधित सामान सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह जब विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रश्मि नगर स्कूल पहुंचीं तो उन्होंने मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया और दीवार कटी हुई देखी। विद्यालय के अंदर निरीक्षण करने पर पता चला कि एक भरा हुआ गैस सिलेंडर, लगभग 30 किलो आटा, 30 किलो चावल, एक प्रेशर कुकर तथा अन्य रसोई के बर्तन गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय स्टाफ में हड़कंप मच गया।प्रभारी अध्यापिका ने विद्यालय की छुट्टी के बाद हसनपुर कोतवाली पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि चोरी हुए सामान का उपयोग विद्यार्थियों के मध्याह्न भोजन के लिए किया जाता था, जिससे विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि विद्यालय से चोरी की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने पुलिस से तत्काल ही चोरी का खुलासा करनें व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

