Hasanpur News-हसनपुर:- नगर स्थित कमाल प्लेस मैरिज हाल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पखवाड़ा के तहत भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियां उफान पर दिखीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं जनपद की प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री गुलाबो देवी ने कार्यकर्ताओं में जमकर उत्साह भरा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री गुलाबो देवी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को बांटने का काम किया है, जबकि भाजपा सरकार ने देश की आजादी के मूल्यों को संजोते हुए विकास और जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारा है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि पप्पू हमेशा हिंदुओं के खिलाफ बात करता है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक ऊंचाइयों को छू रहा है।
आज दूसरे राज्यों के लोग भी उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हैं और कहते हैं कि मुख्यमंत्री हो तो योगी आदित्यनाथ जैसा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज प्रदेश में बहन-बेटियां पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी गुंडे की इतनी हैसियत नहीं कि वह उनकी तरफ आंख उठाकर देख सके। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं के जरिए जनता को सीधा लाभ दे रही है। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से दोबारा सरकार बनाएगी।सम्मेलन में विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद किया। और कार्यकर्ताओं से उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल, जिला प्रभारी राजीव सिसोदिया, जिला अध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी, पालिकाध्यक्ष राजपाल सैनी,चंद्रपाल सिंह खड़गवंशी,उत्तम सिंह प्रजापति,राजू राणा,भोजराम सिंह,राजीव गोयल, शशि जैन,अभिनव कौशिक,सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

