समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Hasanpur News-हसनपुर (अमरोहा)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल प्रखंड हसनपुर नगर के तत्वावधान में बुधवार को स्थानीय शिवाला मंदिर परिसर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे जरूरतमंद मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में अर्बन पीएचसी हसनपुर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अक्षय नागर अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने मरीजों की गहन जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समाधान बताया। सुबह से ही शिवाला मंदिर परिसर में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरी निष्ठा के साथ सभी का उपचार किया।कार्यक्रम के दौरान विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन द्वारा पूरे देश में ‘सेवा सप्ताह’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाना और सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करना है।
उन्होंने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत पौधारोपण, मठ एवं मंदिरों की साफ-सफाई, रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर तथा अन्य जनसेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। शिविर के सफल आयोजन में प्रखंड अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, कविता सैनी, महिपाल सिंह, नन्हे सिंह सैनी, वैभव कुमार, बजरंग दल संयोजक राहुल हिंदुस्तानी, काव्य चंद्र, संजीव गोयल, अनुपम अग्रवाल, अनिल शर्मा सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग किया।

