समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा) नगर में बुधवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मुंसिफ न्यायालय के एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक छात्र भी चोटिल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर नगर के मोहल्ला खैवान निवासी जयप्रकाश सिंह पुत्र बलराज सिंह, मुंसिफ न्यायालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। बुधवार को वह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए मुंसिफ कोर्ट जा रहे थे। अस्पताल रोड से मुंसिफ कोर्ट जाने वाले मार्ग पर सड़क पार करते समय अमरोहा अड्डा की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में जयप्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही न्यायालय के कई अधिवक्ता और परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।वहीं, दूसरी बाइक पर सवार रामपुर भूड़ निवासी एक छात्र भी हादसे में घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।
घटना के संबंध में घायल जयप्रकाश सिंह के बेटे ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

