तिगरी व गढ़ का गंगा मेला आपस में जोड़ने का हुआ कार्य: सीएम*
Hapur/Amroha लोकल फॉर वोकल पर आधारित होगा तिगरी-गढ़ गंगा मेला: सीएम*
*गंगा मेले पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था का हो बेहतर इंतजाम*
*जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री जी को तिगरी गंगा मेले की तैयारियों से कराया अवगत*
अमरोहा, 14 नवंबर (सू0वि0)। माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी ने शनिवार को आयोजित कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री जी ने मेले को लोकल फॉर वोकल की थीम पर आयोजित करने तथा स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर के गंगा मेले को आपस में जोड़ने की पूर्व में घोषणा की गई थी। इस दिशा में गंगा नदी पर पीपे के पुल के माध्यम से दोनों मेलों को जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इससे दोनों ओर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा मेले की भव्यता और आकर्षण में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि गढ़ गंगा मेला ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व का आयोजन है, जो हमारी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत पहचान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री जी ने मेले में पहुंचे बच्चों से भी बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इसके उपरांत उन्होंने मां गंगा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री जी ने गंगा मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जनपद अमरोहा एवं हापुड़ के प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने तिगरी गंगा मेले की तैयारियों के संबंध में विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत करते हुए मेले में की जा रही व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की जानकारी दी।
प्रेजेंटेशन के माध्यम से घाटों के निर्माण एवं विकास, गंगा नदी पर पीपे के पुल के निर्माण, श्रद्धालुओं के आवागमन एवं यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम तथा स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही मेले को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर एवं जोनवार प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों की तैनाती और उनके दायित्वों के संबंध में भी अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। मेले में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं के ठहरने, खानपान, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम रहें। गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद अमरोहा में कार्तिक पूर्णिमा का राजकीय गंगा मेला तिगरी-2026 दिनांक 15 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा घाटों से लेकर यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर माननीय सांसद श्री चौधरी कंवर सिंह तंवर, विधायक धनौरा श्री राजीव तरारा, विधायक हसनपुर श्री महेंद्र सिंह खड़गवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जनपद अमरोहा एवं हापुड़ के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
…….

