बदायूँ में आग से तबाही का मंजर: नुमाइश मेले में 24 दुकानें जलीं..तीन दुकानदार झुलसे, फूट-फूटकर रोए पीड़ित दुकानदार
बदायूं।गांधी मैदान में लगे नुमाइश मेला (प्रदर्शनी) में सोमवार सुबह करीब आठ बजे भीषण आग लग गई। आग से कुछ दुकानों में रखे पांच किलो वाले गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। इससे मेला परिसर में भगदड़ मच गई। आग बुझाने के दौरान तीन दुकानदार झुलस गए।फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियां व एक बोलेरो कैंपर से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग से 24 दुकानों में रखा क्रॉकरी, जूता-चप्पल, खिलौने, किचन आदि का सामान जल गया। जिला पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मेला ठेकेदार भी क्षति का आंकलन कर रहे हैं। घटना से दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है। पुलिस शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई है।एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि आग लगने के कारण जांच कराई जा रही है।24 दुकान जली हैं, कोई जनहानि नहीं है। क्षति आकलन तहसील की टीम कर रही है।

नगर पालिका प्रशासन की ओर से शहर के गांधी मैदान में नुमाइश मेला चल रहा है। सोमवार सुबह करीब नौ आठ मेले में मौजूद एक दुकानदार घरेलू छोटे सिलिंडर के चूल्हे पर चाय बना रहा था। इसी बीच सिलिंडर में गैस लीक होने से आग लग गई। दुकान में आग फैल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के दौरान तेज हवा चल रही थी, इसके कारण आसपास की दुकानें जल उठीं। कुछ ही देर में 24 दुकानों से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

आग लगने के साथ ही दुकानों में रखे छोटे गैस सिलिंडरों के फटने से कई धमाके हुए। इससे इलाके के लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मेले में चीख-पुकार मच गई। कुछ दुकानदारों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इसके अलावा मेले स्थल पर खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी से आग पर पानी का छिड़काव किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो और गाड़ियां व एक बोलेरो कैंपर के साथ कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान आग से बर्बादी का मंजर देख दुकानदार फूट-फूटकर रोने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अन्य दुकानों को खाली कराया। पूरी तरह आग बुझने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।

पुलिस ने प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है, लेकिन दुकानदारों ने सिलिंडर से ही आग लगने की बात कही। हालांकि फायर विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। वहीं, सदर विधायक महेश गुप्ता के साथ एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, एसडीएम सदर मोहित सिंह, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय, सीएफओ राम राजा यादव व सदर कोतवाल प्रवीण सिंह ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों से बात की। अधिकारियों ने आग से हुए नुकसान का आकलन किया।

दुकानदार बोले- आग से सब कुछ हुआ खाक:-नगर पालिका प्रशासन की ओर से गर्मी की छुट्टियों में शहर के गांधी ग्राउंड में नुमाइश मेला (प्रदर्शनी) का आयोजन किया गया है। इस बार श्री बालाजी इंटर प्राइजेज के माध्यम से 25 मई को नुमाइश मेला का शुभारंभ किया गया था। जोकि 30 जून तक चलना है। इस नुमाइश में करीब 120 से अधिक विभिन्न सामान की दुकानें लगाई गई थीं। जिसमें बदायूं के अलावा बेरली, दिल्ली, शाहजहांपुर, कासगंज, एटा और शाहजहांपुर के व्यापारी अपनी-अपनी दुकानें लेकर आए थे।

सदर कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट है।लेकिन फायर विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही अग्निकांड की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके लिए फायर विभाग से एनओसी भी जारी की गई थी। इसके लिए एक फायर टेंडर के साथ कर्मियों की भी तैनात की गई थी।
तबाही का मंजर देख दुकानदारों का छलका दर्द:-सुबह के करीब आठ बजे हुए थे। कुछ दुकानदार दुकानों के अंदर सो रहे थे तो कुछ नित्य क्रिया के लिए दुकानों से जा चुके थे। इसी बीच दुकानों में आग लग गई। आग बुझाते हुए तीन दुकानदार भी झुलस गए। बरेली के चूड़ी विक्रेता नरेंद्र कश्यप और उनके पिता राकेश कश्यप व सहसवान के मुहल्ला पठानटोला निवासी दुकानदार मोहम्मद शारिक झुलसे हैं। घटना के बाद अधिकांश दुकानदार आग से जली दुकानों को देखकर रोने बिलखने लगे।
दुकानदारों की पत्नियां भी फफक कर रो पड़ीं। दुकानदारों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की। उनका कहना है कि दुकानदारों के सामान के साथ-साथ उनकी नकदी भी इस आग में जल गई। इधर मेला ठेकेदार संजीव अग्रवाल ने बताया कि आग में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है।जिला प्रशासन को क्षति की रिपोर्ट दी जाएगी।प्रशासन के अधिकारियों से दुकानदारों की मदद के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई जाएगी।
रिपोर्ट – जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

