अमरोहा : आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर तुगन में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। धान की सिंचाई कर रहे 40 वर्षीय किसान सुरेश पुत्र प्रभु की हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव का युवक नितेश उन्हें खेत पर रोटी खाने के लिए बुलाने पहुंचा था। इसी दौरान खेत के पास खड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ बिजली के खंभे से बंधी स्टे वायर से टकरा गया, जिससे करंट जमीन में फैल गया और सुरेश उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

