ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज होने से बौखलाए ससुर ने मायके में घुसकर दी जान से मारने की धमकी,
पीड़िता के परिवार में दहशत
पीड़ित माँ ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत करते हुए दोषियों के विरूद्ध थाना पुलिस से कार्यवाई किए जाने की मांग
बदायूं| कोतवाली कासगंज क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बौखलाए ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा पीड़ित परिवार को लगातार प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है।कासगंज के महिला थाना क्षेत्र के मोहल्ला नाथूराम (खेडिया वन विभाग के पीछे) की रहने वाली पीड़िता की मां विनय माहेश्वरी ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शादी के बाद से ही किया जा रहा था उत्पीड़न:- प्राप्त जानकारी के अनुसार,विनय माहेश्वरी ने अपनी पुत्री जागृति माहेश्वरी का विवाह वर्ष 2025 में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ केशव कावरा के साथ संपन्न कराया था। शादी में पीड़िता के परिवार ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज भी दिया था।आरोप है कि शादी के बाद से ही पति केशव कावरा,ससुर पवन कावरा,सास संगम माहेश्वरी, जेठ शशांक व शिवांग माहेश्वरी,और जेठानी प्रिया व आरती माहेश्वरी कम दहेज का ताना देकर जागृति को प्रताड़ित करने लगे।पति द्वारा अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
22 जून को मारपीट कर घर से निकाला:-अत्याचार की पराकाष्ठा तब पार हो गई जब बीती 22 जून 2026 की रात को ससुराल पक्ष के सभी लोगों ने एकराय होकर जागृति के साथ गंभीर मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। सूचना मिलने पर जब जागृति के परिजन रात में ही उसकी ससुराल पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जागृति को रखने से साफ मना कर दिया। थक-हारकर परिजन अपनी बेटी को कासगंज स्थित अपने घर ले आए।
मुकदमा दर्ज होने पर बौखलाए ससुरालीजन:-इस मामले को लेकर पीड़िता की मां ने महिला कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया था, जिसके बाद बीते 28 सितंबर 2026 को महिला थाना कोतवाली में पति केशव कावरा और ससुर पवन कावरा सहित सातों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या-85/115(2)/3/4,एफआईआर नंबर 0036 के तहत मामला पंजीकृत किया गया। पुलिसिया कार्रवाई से बौखलाए आरोपी इसके बाद से ही पीड़ित परिवार को केस वापस लेने और फैसला करने का दबाव बनाने लगे।
सुबह दूध लेने गए पति को घेरा,आरोपी ने घर तक किया पीछा:-घटना दिनांक आज 08 अक्टूबर की सुबह करीब 7:25 बजे की है।पीड़िता के पिता जब साइकिल से दूध लेकर घर लौट रहे थे,तभी कश्यप धर्मशाला के सामने आरोपी ससुर पवन कावरा ने उन्हें जबरन रोक लिया। आरोपी ने सरेराह गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि “फैसला कर लो,वरना अंजाम अच्छा नहीं होगा।”
पीड़िता के पिता किसी तरह बिना कुछ बोले वहां से बचकर अपने घर पहुंचे, तो आरोपी ससुर पीछा करते हुए उनके दरवाजे तक आ गया।वहां उसने पीड़िता की मां का नाम लेकर सरेआम गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दीं और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।गली में मौजूद कई लोग इस घटना के चश्मदीद बने।बदहवास पीड़ित परिवार ने जब घर का दरवाजा अंदर से बंद कर पुलिस को बुलाने की बात कही, तब आरोपी भविष्य में देख लेने की धमकी देता हुआ वहां से भाग निकला।
पीड़िता ने लगाईं सुरक्षा की गुहार, ससुर को जेल भेजने की मांग:-पीड़िता की मां विनय माहेश्वरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनके घर में दो बेटियां हैं,जो पढ़ाई और घरेलू काम के सिलसिले में घर से बाहर आती जाती हैं।आरोपियों की हरकतों से पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है।पीड़िता की मां ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी ससुर पवन कावरा के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे तत्काल जेल भेजा जाए,ताकि उनका परिवार बिना किसी डर के रह सके और उनकी बेटी जागृति को न्याय मिल सके।इस बाबत प्रभारी निरीक्षक से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया तो उनके फोन से संपर्क नही हो पाया।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (ब्यूरो चीफ) समर इंडिया

