वाराणसी में देव दीपावली पर इस बार आस्था और भव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 को देव दीपावली
अधिकारियों ने बताया कि गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर आयोजित होगा, जिसमें प्रतिदिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाएगी। 24 नवंबर की शाम सभी घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे और दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है।
ड्रोन शो, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी होगी आकर्षण
देव दीपावली पर चेतसिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो और ड्रोन शो का आयोजन होगा। काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की जाएगी। दीपों की इस श्रृंखला में महिला स्वावलंबन के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार दीपक भी विशेष रूप से शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों और निवासियों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। देव दीपावली की तैयारियों की खबर यहां पढ़ें
नावों के लिए पहली बार ‘टू-वे लेन सिस्टम’
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। गंगा में नमो घाट से अस्सी घाट तक नावों के आवागमन के लिए पहली बार ‘टू-वे लेन सिस्टम’ लागू किया जा रहा है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था और मेडिकल कॉरिडोर की भी व्यवस्था की गई है।
स्वच्छता अभियान और गुरु नानक जयंती की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और दीपदान के तुरंत बाद घाटों की सफाई कराने के निर्देश दिए। 24 नवंबर को ही गुरु नानक जयंती होने के कारण गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन और संगत की व्यवस्थाएं भी समय से पूरी करने को कहा गया है। आज के मौसम का हाल यहां पढ़ें

