Char Dham Yatra 2026-देहरादून: उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा (Char Dham Yatra 2026) पूरे शबाब पर है। कपाट खुलने के महज कुछ ही दिनों के भीतर तीर्थयात्रियों का भारी हुजूम देवभूमि पहुंच रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून से प्राप्त ताजा रिपोर्ट के अनुसार, विगत शनिवार शाम 7:00 बजे तक श्री बदरीनाथ, श्री केदारनाथ, श्री यमुनोत्री एवं श्री गंगोत्री धाम में कुल 2,38,590 तीर्थयात्रियों ने दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया है।
केवल शनिवार के दिन ही चारधाम में 55,998 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे, जो यात्रा के प्रति लोगों के भारी उत्साह को दर्शाता है।
आइए देखते हैं किस धाम में अब तक कितने श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई है:
श्री केदारनाथ धाम (सबसे ज्यादा भीड़)
कपाट खुलने की तिथि: 22 अप्रैल
बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए भक्तों की सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ रही है। 22 अप्रैल से 25 अप्रैल (शनिवार) तक कुल 1,24,782 तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंचे चुके हैं।
केवल शनिवार को ही धाम में 31,160 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
श्री बदरीनाथ धाम
कपाट खुलने की तिथि: 23 अप्रैल
भगवान बद्रीविशाल के दरबार में भी आस्था का मेला लगा है। 23 अप्रैल से 25 अप्रैल तक यहाँ कुल 37,884 तीर्थयात्री पहुंचे हैं।
शनिवार के दिन बदरीनाथ धाम में 13,107 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री यमुनोत्री एवं श्री गंगोत्री धाम
कपाट खुलने की तिथि: 19 अप्रैल
मां यमुना और मां गंगा के धाम में 19 अप्रैल से 25 अप्रैल तक कुल 75,924 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं।
इनमें से श्री यमुनोत्री धाम में 38,206 तीर्थयात्रियों ने और श्री गंगोत्री धाम में 37,718 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद: चारधाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों से लेकर धामों तक पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।

