लोकतांत्रिक नौजवान युवाओं के आंदोलन के आगे केंद्र सरकार झुकी: पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
सहसवान।एस.पी.सैनी दहगवां पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर एक के बाद एक कई बड़े राजनीतिक हमले किए।युवाओं के आंदोलन से लेकर शिक्षा, रोजगार, राम मंदिर चढ़ावा,गंगा एक्सप्रेसवे और आगामी विधानसभा चुनाव तक अखिलेश ने सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव में बेईमानी की तैयारी कर रही है।साथ ही गोरखपुर को लेकर भी बड़ा बयान दिया।अखिलेश यादव ने युवाओं के मुद्दे को सबसे आगे रखा।उन्होंने कहा कि जिन नौजवानों ने लाठीचार्ज,वाटर कैनन और आंसू गैस का सामना किया है,वही सरकार की सच्चाई जानते हैं।उनका कहना था कि सरकार अब जनता की आवाज सुनने को मजबूर है,लेकिन सत्ता में बैठे लोग आज भी युवाओं की पीड़ा नहीं समझ रहे।

पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता सिर्फ राजनीति का नहीं बल्कि वर्षों पुराने विश्वास और संघर्ष का रहा है।उन्होंने युवाओं और बुजुर्गों से मिलकर बदलाव की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने सरकार को कठघरे में खड़ा किया।उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल बंद हुए,नौकरियां छीनी गईं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ।जंतर-मंतर पर आंदोलन करने वाले छात्रों और छात्राओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलन ने सरकार को नझुकने पर मजबूर कर दिया।राम मंदिर चढ़ावा मामले पर अखिलेश ने इसे आस्था से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि इसकी सच्चाई जनता जानती है और जवाब जनता ही देगी।गंगा एक्सप्रेसवे पर उन्होंने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाए और कहा कि वह खुद एक्सप्रेसवे से होकर आए ताकि ज़मीनी हकीकत देख सकें।
कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि गोरखपुर में सबसे ज्यादा गांजा बिकता है।उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाकर चुनाव लड़ना चाहती है।प्रेसवार्ता के अंत में अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश में बदलाव की लहर है,पीडीए की सरकार बनने जा रही है और भाजपा हार के डर से चुनाव में बेईमानी की तैयारी कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर शोक श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिवार को धैर्य एवं साहस रखने को कहा एवं परिवार को सांत्वना व्यक्त की
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी बदायूं सांसद आदित्य यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ठाकुर योगेंद्र सिंह तोमर के अलावा सहसवान विधानसभा अध्यक्ष नवाब सिंह यादव एवं जनपद के वरिष्ठ एवं समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
