सासाराम : पंडित दीनदयाल उपाध्याय गयाजी रेल खंड के सासाराम रेलवे स्टेशन पर आग लगने का मामला सामने आया है। यहां सोमवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक सवारी गाड़ी अचानक से धधक उठी। सासाराम से आरा होकर पटना को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लगने से प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे। यह घटना सोमवार की सुबह करीब 6 बजे की बताई जाती है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
एक बोगी जलकर खाक
इस घटना में पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है, जिसे ट्रेन से अलग कर दिया गया है। वहीं आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की बात सामने आई है और रेल प्रशासन घटना की जांच में जुट गई है। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी और भरे हुए अग्निशमन सिलेंडर मिल जाते, तो नुकसान को बेहद कम किया जा सकता था।
व्यवस्था की कमी का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रबंधन की नाकामी के कारण ट्रेन को ज्यादा नुकसान हुआ। अगर समय रहते आग बुझाने के लिए पानी और अग्निशमन यंत्रों का प्रयोग हुआ रहता, तो ट्रेन को नुकसान होने से बचाया जा सकता था। लोगों ने बताया कि ट्रेन में रिफिलिंग के लिए बिछाई पाइपलाइन में न तो पानी था और न ही रेलवे के अग्निशमन सिलेंडरों में गैस थी। इस लापरवाही के कारण शुरुआती समय में आग पर काबू नहीं पाया जा सका और देखते ही देखते ट्रेन की बोगियां धधक उठीं।

