समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा। विकास खंड गंगेश्वरी स्थित बीआरसी कार्यालय, चंदनपुर खादर में गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अनिल कुमार के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों तथा विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पूरे समारोह के दौरान तालियों की गूंज और भावुक माहौल देखने को मिला।उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक गंगेश्वरी के अध्यक्ष रामवीर सिंह ने कहा कि अनिल कुमार का कार्यकाल शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रेरणादायक रहा। उनके नेतृत्व में ब्लॉक की शैक्षिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि बीईओ ने हमेशा शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास किए, जिससे शिक्षकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ।
अपने विदाई संबोधन में अनिल कुमार ने कहा कि गंगेश्वरी में मिला स्नेह, सम्मान और सहयोग उनके जीवन की अमूल्य पूंजी रहेगा। उन्होंने कहा कि यहां के शिक्षक अपने दायित्वों के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने अनिल कुमार के सरल व्यक्तित्व, सहज व्यवहार और ईमानदार कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके साथ बिताया गया समय हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
वक्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जहां भी अपनी सेवाएं देंगे, वहां शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और ऊंचाइयां मिलेंगी।इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक अनिल कुमार, एससी-एसटी शिक्षक संघ के जिला मंत्री जगवीर सिंह, राहुल विकास, राघवेंद्र सिंह, जयवीर सिंह, गौतम सिंह, हरिओम सिंह, बिजेंद्र सिंह, मदनपाल, संजय सिंह, मोहम्मद असलम, विजय धामा, करणवीर सिंह, राहुल सागर, जयपाल सिंह, ओमप्रकाश सिंह, चेतन शर्मा, फैजान हस्मत, सतेंद्र सिंह, हिरदेश वर्मा, नाजिर अली, यतीश शर्मा, विलेश चौहान, सुंदर सिंह, सुधीर कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

