सैदपुर में माहौल खराब करने की कोशिश, व्यापारियों ने बंद रखीं दुकानें
सैदपुर।कस्बा क्षेत्र में कक्षा दो की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में दूसरे समुदाय के आरोपी निजाकत अली को जेल भेजे जाने के बाद माहौल खराब करने की कोशिश की गई।दोनों समुदायों के लोगों के बीच मनमुटाव सामने आया है।मंगलवार सुबह 10-12 व्यापारियों ने यह कहते हुए अपनी दुकानें बंद कर दीं कि दूसरे समुदाय के लोग दुकानों से सामान नहीं खरीद रहे हैं और जिसने खरीद लिया तो उससे सामान वापस कराया जा रहा है।दुकानें बंद होने की सूचना पर पुलिस प्रशासन में भी खलबली मच गई।सीओ ने मौके पर पहुंच व्यापारियों से बात कर उन्हें मनाया।इस मनमुटाव के चलते दिनभर दुकानें बंद रहीं।
सैदपुर कस्बे में कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर आरोप लगाया है कि दुष्कर्म कांड के बाद एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर उसमें यह मेसेज भेजा गया कि दुकानों से सामान नहीं खरीदें।दुकानें बंद होने की सूचना पर वजीरगंज थाने के इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार मौके पर पहुंचे और कस्बा के भाजपा कार्यालय पर व्यापारियों के साथ वार्ता कर दुकानें बंद करने का कारण पूछा। दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय पर हुई बैठक में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि छह जुलाई को छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। इस मामले में आरोपी निजाकत अली को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था।
दुकानें खाली कराने का अल्टीमेटम देने की भी चर्चा:-चर्चा यहां तक हो रही है कि कई दुकानें दूसरे समुदाय के लोगों की मार्केट में हैं, ऐसे में कुछ दुकानें खाली कराने का भी अल्टीमेटम दिया गया है।इससे दुकानदार और परेशान हैं।
कुछ दुकानों के बंद रहने की जानकारी मिली थी,जबकि अधिकांश बाजार सामान्य रूप से खुला रहा। पुलिस की पूरे घटनाक्रम पर नजर है।किसी भी कीमत पर माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. हृदेश कठेरिया, एसपी ग्रामीण रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

