Assembly Election Result : देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज सामने आ जाएंगे। वोटों की गिनती जारी है और काउंटिंग सेंटर्स के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था नजर आ रही है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी की जा रही है और किसी तरह के विवाद की बात सामने नहीं आ रही है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हालही में विधानसभा चुनाव हुए थे। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 2 चरणों में विधानसभा चुनाव हुए थे, जिनके लिए 23 और 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल और असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव कराए गए थे।
पश्चिम बंगाल में मुख्य रूप से मुकाबले में तृणमूल कांग्रेस, बीजेपी, सीपीआईएम और कांग्रेस है। वहीं तमिलनाडु में मुख्य मुकाबला डीएमके गठबंधन, AIADMK गठबंधन, टीवीके और एनटीके के बीच है। केरल में मुख्य मुकाबले में LDF,UDF और NDA है। असम में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। पुडुचेरी में मुख्य मुकाबला NDA बनाम कांग्रेस गठबंधन के बीच है।
चुनाव के दौरान मुख्य चेहरों की बात करें तो वह ममता बनर्जी, सुवेंदु अधिकारी, मोहम्मद सलीम, एम.के. स्टालिन, उद्धयनिधि स्टालिन, पिनारयी विजयन, वी.डी. सथीसन, राजीव चंद्रशेखर, हिमंता बिस्वा सरमा, गौरव गोगोई, एन. रंगास्वामी और वी. वैथिलिंगम हैं। इस बार के चुनाव में सभी पार्टियों ने जोरदार प्रचार अभियान चलाकर पूरी ताकत झोंकी है। ज्यादा जानकारी के लिए पढ़ें लाइव ब्लॉग-
पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन ने 7 सीटों पर बनाई बढ़त
पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन ने 7 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। कांग्रेस गठबंधन ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई है। अन्य ने 2 सीटों पर बढ़त हासिल की है। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है।
पश्चिम बंगाल: रुझानों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने कहा- हिंदू बूथ पर बीजेपी जीत रही है
रुझानों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि हिंदू बूथ पर बीजेपी जीत रही है। टीएमसी को 100 से ज्यादा सीटें नहीं आएंगी। बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी। मालदा-मुर्शिदाबाद में मुसलमान बंटा है। बता दें कि अभी तक के रुझानों में पश्चिम बंगाल में बीजेपी 158 सीटों पर आगे है और टीएमसी 119 सीटों पर आगे है।

