समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा), 14 जुलाई। हसनपुर थाना पुलिस ने चोरी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए चोरी की गई इनोवा कार और नकदी में से ₹23.90 लाख बरामद कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशन में एसओजी और सर्विलांस टीम के सहयोग से की गई।पुलिस के अनुसार, थाना हसनपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 415/2026 (धारा 306 बीएनएस) के तहत वादी ने शिकायत दी थी कि उसकी DL5CU9899 इनोवा में रखी बड़ी धनराशि को उसका चालक वाहन सहित लेकर फरार हो गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई।जांच और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस ने मुख्य अभियुक्त मनोज गुप्ता और उसके भाई कमल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई धनराशि में से ₹23.90 लाख तथा चोरी की गई इनोवा कार बरामद कर ली गई।पूछताछ में मुख्य अभियुक्त मनोज गुप्ता ने बताया कि वह अपने मालिक के यहां चालक था। शादी की बातचीत चलने के दौरान अधिक धन की आवश्यकता महसूस होने पर उसने मालिक की गाड़ी में रखी नकदी चोरी करने की योजना बनाई।
घटना वाले दिन वह नकदी लेकर वाहन सहित फरार हो गया और बाद में गाड़ी को गजरौला क्षेत्र में छोड़ दिया। इसके बाद वह अपने भाई कमल गुप्ता के पास पहुंचा और दोनों ने मिलकर चोरी की रकम किराये के मकान में छिपा दी।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनोज गुप्ता (29 वर्ष) और कमल गुप्ता (35 वर्ष) निवासी नांगलोई, दिल्ली (मूल निवासी जनपद बरेली) के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में थाना हसनपुर पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

