Amroha News-अमरोहा, हर घर तिरंगा अभियान-2026 के सफल एवं प्रभावी आयोजन के संबंध में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में आज दिनांक 07 अगस्त, 2026 को अपराह्न 04:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, अमरोहा में समस्त नामित नोडल अधिकारियों, सहायक नोडल अधिकारियों एवं कार्यालयाध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 09 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में वर्ष 2022, 2023, 2024 एवं 2025 की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर, कार्यालय, संस्थान एवं सार्वजनिक स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर “हर घर तिरंगा अभियान-2026” का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा हर घर तिरंगा अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों में वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। साथ ही तिरंगे के साथ सेल्फी एवं वन्दे मातरम् के गायन के वीडियो www.harghartiranga.com पर अपलोड किए जाएंगे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति पूर्ण सम्मान का भाव रखते हुए भारतीय ध्वज संहिता का अक्षरशः पालन करें तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 09 से 14 अगस्त तक जनपद के समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से 11:00 बजे तक तिरंगा रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिनके प्रारम्भ में वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। 12 अगस्त को तहसील हसनपुर, 13 अगस्त को तहसील धनौरा तथा 14 अगस्त को जनपद स्तरीय तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। जनपद स्तरीय तिरंगा रैली जोया-अमरोहा रोड स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल से कलेक्ट्रेट तक निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि 09 से 15 अगस्त तक कलेक्ट्रेट परिसर एवं तहसील स्तर पर तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, युद्ध एवं अन्य अभियानों में शहीद हुए सैनिकों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रमों में तिरंगा गान, देशभक्ति गीत एवं वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि 14 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे कुन्दन मॉडल इंटर कॉलेज, अमरोहा में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन की पीड़ा, पलायन एवं बलिदान पर आधारित चित्र एवं दस्तावेज प्रदर्शनी, मौन, श्रद्धांजलि सभा तथा युवाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जनपद के समस्त सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण के साथ वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 09 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप परसों तक राष्ट्रीय ध्वजों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके। साथ ही 13 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण, 14 अगस्त को कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन परिसर में तिरंगा थीम आधारित रंगोली तथा 14 एवं 15 अगस्त को सार्वजनिक स्थलों एवं सरकारी कार्यालयों में तिरंगा सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, उपजिलाधिकारी अमरोहा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अमरोहा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एवं जिला सूचना अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी राष्ट्रीय ध्वज फहराने की विधि, फ्लैग कोड एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करें तथा अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों में वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन एवं गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती गरिमा सिंह, परियोजना निदेशक अम्बरीश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमाकांत सागर, समस्त उपजिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

