अमरोहा: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा जनपद में 02, 03 एवं 04 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) की तैयारियों को लेकर जिला मजिस्ट्रेट डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों तथा सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील परीक्षा है। इसे पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन कर अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) जनपद में 12 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी जिन पर कुल 28440 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रथम पाली पूर्वान्ह 09:30 से 12ः00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 02:30 से 05ः00 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा के लिए निर्धारित केन्द्र
ए0के0के0 इंटर कालेज, भगवत सरन इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, आइ0एम0 इंटर कालेज, जे0एस0एच0 इंटर कालेज, जेएस हिंदू पीजी कालेज अमरोहा ब्लाक-ए, जे0एस0 हिंदू पीजी कालेज अमरोहा ब्लाक-बी, कुंदन माडल इंटर कालेज, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज गजरौला, शिव इंटर कॉलेज गजरौला और सिख इंटर कालेज।
डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। अभ्यर्थियों की जांच के लिए पुरुष एवं महिला कार्मिकों की अलग-अलग ड्यूटी लगाई जाए तथा परीक्षा केंद्र के अंदर तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपना फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह कार्यशील रहें और परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर ठंडे पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार जनरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों के बैग एवं अन्य सामान रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था भी की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होने निर्देश दिए कि सभी मजिस्ट्रेट निरीक्षण कर परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जांच कर लें अगर कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसको शीघ्रता से दुरुस्त कर लें। सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर मेडिकल टीम और एम्बुलेंस उपलब्ध रहे।
परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, डिजिटल पेन सहित सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा की गोपनीयता एवं शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक धीरेन्द्र प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ0 प्रवेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
….

