समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा। जनपद के ढबारसी कस्बे में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (बी.आर. अंबेडकर) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग पर भरे गंदे पानी में बैठकर और लेटकर प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह कस्बे का प्रमुख आवागमन मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय किसान यूनियन (बी.आर. अंबेडकर) के नेताओं ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो संगठन अपना आंदोलन और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान गजेंद्र भाटी, सोनू गुर्जर, कुलदीप सम्राट, विपिन जाटव, विजय सैनी, गौतम, नन्हे यादव, धर्मपाल यादव, अक्की कसाना, यश त्यागी, देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।

