अमरोहा : सम्पूर्ण समाधान दिवस : जिला मजिस्ट्रेट डॉ0 नितिन गौड़ की अध्यक्षता में तहसील अमरोहा में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम ने शिकायतों को सुनकर समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जो समय सीमा समस्याओं के निस्तारण दी गई है, उसी के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के साथ-साथ लाभार्थी को संतुष्टी भी मिलनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें पाया गया कि कुछ अधिकारी उपस्थित नहीं थे। अनुपस्थित रहने पर डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता नलकूप और सहायक अभियंता लघु सिंचाई का स्पष्टीकरण जारी करने के साथ शीघ्रता से जवाब देने के निर्देश दिए।
डॉ0 नितिन गौड़ ने कहा कि कुछ शिकायतो का गुणवत्तापरक निस्तारण न होने के कारण असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहा है। इससे जिले की रैंकिंग खराब हो रही है तथा कुछ शिकायतों की पुनरावृत्ति हो रही है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि शिकायत का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता से अवश्य बात करें, मौके पर जाकर उनकी समस्या सुनें और उचित समाधान करें। निस्तारण की जियो-टैग फोटो भी अनिवार्य रूप से अपलोड करें। इसके साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि पोर्टल पर शिकायत निस्तारण अपलोड करते समय उसकी स्वयं मॉनिटरिंग करें तथा सुनिश्चित करें कि शिकायत की पुनरावृत्ति न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन स्तर से सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की निरन्तर समीक्षा की जा रही है। मा० मुख्यमंत्री जी स्वयं इन शिकायतों की समीक्षा करते हैं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 07, पुलिस विभाग की 01, नगर पालिका की 01, विद्युत की 02, पिछड़ा वर्ग कल्याण की 01, पंचायत राज की 01 और जल निगम की 01 सहित कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। भूमि संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजा गया।
जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को संदर्भित करते हुए निर्देशित किया कि पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ ही निर्धारित समयावधि में शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराएं। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
डॉ0 नितिन गौड़ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनता दर्शन, सीएम हेल्पलाइन, आईजीआरएस पोर्टल, तहसील दिवस एवं अन्य दिवसों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापरक तरीके से त्वरित निस्तारण करें।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने कहा कि पुलिस अधिकारी आमजन की पुलिस संबंधी शिकायतों का उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अमरोहा श्रीमती विभा श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रमाकांत सागर, डीएफओ राजीव कुमार, पीडी डीआरडीए अंबरीश कुमार सहित जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

