समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Amroha News-हसनपुर:– अब्दुल्ला कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। यहां सात वर्षीय मासूम हमजा पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। घटना के बाद से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
बताया जा रहा है कि हमजा घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिराकर नोच-नोच कर लहूलुहान कर दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।
गंभीर रूप से घायल हमजा को परिजन तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे के शरीर पर कई गहरे घाव हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में भय और गुस्से का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों के आतंक पर जल्द प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाए दोबारा से उत्पन्न ना हो।

